पंजाब। फरीदकोट के गांव सुखनवाला में प्रेम संबंधों से जुड़े कथित हत्या कांड में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। मृतक गुरविंदर सिंह की हत्या में शामिल बताए जा रहे आरोपी विश्वजीत सिंह, निवासी डबवाली (हरियाणा), को पुलिस ने दबोच लिया है। इससे पहले पुलिस मृतक की पत्नी रुपिंदर कौर और उसके प्रेमी हरकंवलप्रीत सिंह को हिरासत में ले चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि विश्वजीत, मुख्य आरोपी हरकंवलप्रीत का करीबी दोस्त है और वारदात की रात वह उसके साथ कार में मौजूद था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कार भी उसकी निशानदेही पर बरामद कर ली। इससे पहले रुपिंदर कौर को 29 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था, जबकि हरकंवलप्रीत ने 2 दिसंबर को अदालत में सरेंडर किया था। दोनों को रिमांड पर लेकर पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
एसपी (इन्वेस्टिगेशन) जोगेश्वर सिंह गोरैया ने बताया कि रुपिंदर और हरकंवलप्रीत की नजदीकियां सोशल मीडिया पर बढ़ीं, जिसके बाद दोनों ने मिलकर गुरविंदर की हत्या की साजिश रची। घटना वाली रात रुपिंदर ने हरकंवलप्रीत को घर बुलाया और वहीं से वारदात को अंजाम दिया गया। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस तीनों को आमने–सामने बैठाकर पूछताछ कर रही है ताकि इस साजिश में और किसी की संलिप्तता की पुष्टि की जा सके।
उधर, तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित परिवार ने शुक्रवार को गुरविंदर सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया। अंतिम विदाई में विधायक गुरदित्त सिंह सेखों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। विधायक ने कहा कि आरोपियों को सख्त सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाया जाएगा।







