बिहार। पटना में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां जमीन कारोबारी की हत्या के बाद भाग रहे दो हमलावरों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पीट-पीटकर मार डाला। यह मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र के भोगपुर इलाके का है। मृतक कारोबारी की पहचान भूपतिपुर निवासी अशरफी सिंह (65) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, दो बाइक सवार बदमाशों ने अशरफी सिंह को नजदीक से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग बाहर निकल आए, जिसके बाद हमलावर मौके से भागने लगे। भीड़ ने तुरंत पीछा कर दोनों को पकड़ लिया और गुस्से में आकर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। ग्रामीणों के हाथों पिटने के बाद दोनों हमलावरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर डीएसपी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे क्षेत्र में छानबीन शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला करीब 20 करोड़ रुपये के ज़मीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं, तनावपूर्ण माहौल के कारण मृतक कारोबारी के परिजन कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस अब मारे गए दोनों हमलावरों की पहचान और विवाद के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।







