गाजियाबाद- इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के नीति खंड-3 स्थित रेल विहार सोसायटी में 19 नवंबर की तड़के चोरी की बड़ी घटना सामने आई। रात करीब 3:30 बजे से 4:30 बजे के बीच दो चोरों ने अलग-अलग ब्लॉकों में जाकर चार फ्लैटों के ताले काटे और घरों को खंगाल डाला।
घटना डी ब्लॉक के फ्लैट नंबर 2/15, 9/9, 7/12 और बी ब्लॉक के 3/7 में हुई। सोसायटी के एओए अध्यक्ष विजय मोहन ने बताया कि सुबह करीब 7–8 बजे जब सोसायटी के ग्रुप में ताले टूटने की जानकारी साझा हुई, तभी लोगों को चोरी का पता चला। एक फ्लैट में चोरों ने ताला तोड़ा जरूर, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। जबकि अन्य तीन फ्लैटों में अलमारी, बेड और कई सामानों की तलाशी ली गई। ये सभी फ्लैट कुछ दिनों से खाली थे, क्योंकि मकान मालिक बाहर गए हुए थे।
बी ब्लॉक में लगे सीसीटीवी कैमरों में दो संदिग्ध चोर दिखाई दे रहे हैं। सूचना पर चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। चोरी से हुए आर्थिक नुकसान का आकलन मकान मालिकों के लौटने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।







