दो दिन पहले पत्नी पर धारदार हथियार से किया था हमला, मानसिक तनाव में युवक ने की आत्महत्या
पीलीभीत। घरेलू विवाद एक और दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। न्यूरिया थानाक्षेत्र के राजा कॉलोनी में पत्नी से लगातार चल रहे तनाव और झगड़े के बाद युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। दरअसल दो दिन पहले हुई कहासुनी के दौरान पति विश्वजीत बैरागी ने गुस्से में पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने उसे शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया था। वहीं महिला को घायल अवस्था में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया था।
जानकारी के मुताबिक पुलिस कार्रवाई के बाद विश्वजीत मानसिक रूप से टूट गया और उसने जहर खा लिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। उधर, घायल पत्नी मनीषा का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। मनीषा मूल रूप से उत्तराखंड के शक्ति फार्म की रहने वाली है और लगभग तीन साल पहले उसका विवाह विश्वजीत से हुआ था।







