हमीरपुर- मौदहा कस्बे में रविवार तड़के घरेलू झगड़े ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि पति ने गुस्से में पत्नी पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक कमहरिया गांव निवासी मोइनउद्दीन और उसकी पत्नी रोशनी उर्फ बेबी (32) के बीच आए दिन तनाव रहता था। शनिवार देर रात दोनों में बहस के दौरान मामला हिंसा तक जा पहुंचा। इसी बीच आरोपी ने कमरे का दरवाजा बंद कर लोहे की रॉड से पत्नी पर वार कर दिया। रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी पति तीन साल के बच्चे को कमरे में बंद कर वहां से भाग निकला। सूचना पर मौदहा कोतवाली पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर शव को बाहर निकाला। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही मोइनउद्दीन अक्सर पत्नी से मारपीट किया करता था।
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। परिवार की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।







