मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी सहेली, एक किशोर और एक युवक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई मृतका की दादी की तहरीर पर की गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मूंढापांडे थानाध्यक्ष ने बताया कि दलपतपुर निवासी आरोपी अनमोल को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जबकि नाबालिग सहेली को नारी निकेतन और किशोर को राजकीय संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
परिजनों के मुताबिक, 14 अक्टूबर की शाम मृतका की सहेली उसे मोमोज खिलाने के बहाने घर से बाहर ले गई थी। देर रात जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों को सूचना मिली कि किशोरी को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि अनमोल, सहेली और एक किशोर उसे भर्ती कराकर चले गए थे।
परिजन किशोरी को इलाज के लिए मेरठ ले गए, लेकिन इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर गंभीर चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है, हालांकि दुष्कर्म की बात की पुष्टि नहीं हुई।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।







