गाजियाबाद- साहिबाबाद क्षेत्र में रहने वाली एक युवती ने इंदिरापुरम थाने में एक गंभीर शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें उसने दिल्ली के हर्ष विहार निवासी तथम उर्फ तरुण पर यौन उत्पीड़न और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। यह मामला पहली बार वर्ष 2023 में सामने आया था, जब पीड़िता नाबालिग थी और दिल्ली के एक निजी स्कूल में पढ़ाई कर रही थी।
पीड़िता के अनुसार, 31 अक्टूबर 2023 को स्कूल से लौटते समय आरोपी ने उसे जबरन एक होटल में ले जाकर शारीरिक शोषण किया और पुलिस या परिवार को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने लगातार डर और धमकी के जरिए उसका शोषण जारी रखा, जिससे पीड़िता को अपना निवास स्थान भी बदलना पड़ा।
लंबे समय तक मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलने के बाद, पीड़िता ने 30 सितंबर को अपनी मां को पूरी घटना बताई और परिवार के साथ मिलकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायालय में पेश किया गया।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और पीड़िता द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी







