गाजियाबाद। पुलिस विभाग की छवि को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कविनगर थाना पुलिस ने पुलिस लाइन में तैनात दो सिपाहियों को गिरफ्तार किया है, जिन पर जेल में बंद कैदी को भगाने की साजिश रचने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार सिपाहियों की पहचान सचिन और राहुल कुमार के रूप में हुई है। दोनों की ड्यूटी जेल से हवालात या अदालतों में बंदियों को पेश करने की थी। 4 अक्टूबर को जब दोनों डासना जेल पहुंचे, तो उन्हें छह बंदियों को पेशी पर ले जाना था, लेकिन दोनों केवल एक कैदी, बिजेंद्र, को नोएडा पेशी पर ले जाने पर अड़ गए।
जेल अधीक्षक को शक होने पर तुरंत जांच कराई गई। जांच में यह सामने आया कि दोनों निजी गाड़ी से जेल पहुंचे थे और उस दिन गौतमबुद्धनगर पेशी के लिए कोई रवानगी दर्ज नहीं थी।
सीनियर अधिकारियों को जानकारी मिलते ही आरआई पुलिस लाइन ने कविनगर थाने में दोनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने वंश नामक कैदी को भगाने की साजिश रची थी। फिलहाल, दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है और विभागीय कार्रवाई की तैयारी भी चल रही है।







