खेलते-खेलते लापता हुआ मासूम, अगले दिन मिला शव
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब दो वर्षीय मासूम राठौर का शव सीआरपीएफ कैंप की बाउंड्री वॉल के पास खून से लथपथ मिला। मासूम शुक्रवार शाम से लापता था। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चे की सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर बेरहमी से हत्या की गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक जांच कराई। मासूम की पहचान उसके परिजनों ने की। बताया जा रहा है कि शुक्रवार शाम वह घर के पास खेलते हुए अचानक लापता हो गया था। परिवार और स्थानीय लोगों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
शनिवार सुबह टहलने निकले कुछ लोगों ने बच्चे का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। फिलहाल खजूरी खास थाना पुलिस ने अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त जिला पुलिस उपायुक्त संदीप लांबा के नेतृत्व में कई टीमें जांच में जुटी हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं और कुछ संदिग्धों की पहचान की जा चुकी है।
रंजिश में की गई वारदात का शक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि बच्चे के पिता से आरोपी की पुरानी रंजिश थी। उसी दुश्मनी का बदला लेने के लिए मासूम को निशाना बनाया गया। पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जता रही है।







