नई दिल्ली- शाहदरा और उत्तरी दिल्ली की पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई कर साइबर ठगी करने वाले दो गिरोहों का पर्दाफाश किया है। इनमें तीन आरोपी चीन और हांगकांग में बैठे ठगों के साथ मिलकर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहे थे, जबकि दो अन्य बेरोजगार युवाओं को इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी का झांसा देकर रकम ऐंठ रहे थे।
शाहदरा: विदेशी ठगों से जुड़े तीन आरोपी गिरफ्तार
साइबर थाना शाहदरा पुलिस ने आयुष कोली, संजीव कुमार और आकाश को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी सोशल मीडिया पर बने फर्जी निवेश ग्रुप “NJ Elite Growth Plan” के जरिए लोगों से पैसे ठग रहे थे। शिकायतकर्ता सुनीत कुमार सूरी से 2.25 लाख रुपये हड़पे गए।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों के बैंक खातों से तीन करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है। वे विदेशी गिरोह को बैंक अकाउंट और सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे और रकम को क्रिप्टोकरेंसी (USDT) में बदलकर बाहर भेजते थे। पुलिस ने आरोपियों से तीन मोबाइल, चार लैपटॉप और एक पेटीएम पीओएस मशीन बरामद की है।
उत्तरी दिल्ली: नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी
उत्तरी जिले में पुलिस ने आजाद खान और अजय नामक दो जालसाजों को फरीदाबाद से पकड़ा। ये दोनों फेसबुक पर इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी के फर्जी विज्ञापन डालते थे। कॉल करने वाले बेरोजगार युवाओं से वे फॉर्म फीस, यूनिफॉर्म और अन्य खर्चों के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे।
शिकायतकर्ता रोहित यादव से आरोपियों ने 24,100 रुपये हड़प लिए थे। जांच में पाया गया कि बैंक खाता आजाद खान के नाम पर और मोबाइल नंबर अजय के नाम पर पंजीकृत था। दोनों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस की अपील
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले निवेश और नौकरी संबंधी विज्ञापनों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध लिंक या नंबर पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।







