बरेली- बरेली में हाल ही में हुए बवाल के बाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। मंगलवार को आईएमसी जिलाध्यक्ष सहित 15 लोगों को जेल भेजा गया। इसके अलावा पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। इस बारे में जानकारी एसपी सिटी मानुष पारीक ने प्रेस वार्ता में दी।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली इलाके से 14 और बारादरी क्षेत्र से 2 आरोपियों को पकड़ा गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। बारादरी से गिरफ्तार किया गया शमशाद आलम आईएमसी का जिलाध्यक्ष है और फरीदपुर थाना क्षेत्र के वाहनपुर गांव का रहने वाला है। आरोप है कि वह मौलाना तौकीर रज़ा, नदीम और डॉ. नफ़ीस के साथ मिलकर साजिश रचने में शामिल था। शमशाद सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप पर भी सक्रिय रहा। अब तक इस मामले में दर्ज 10 एफआईआर में कुल 72 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
मुठभेड़ में आरोपी ताजिम गिरफ्तार
मंगलवार को बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के राधा माधव स्कूल के पास पुलिस और आरोपी ताजिम के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी गोलीबारी में ताजिम के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस का कहना है कि ताजिम 26 सितंबर को हुए बवाल में भी मौजूद था और उसने उस समय पुलिस दल पर फायरिंग की थी। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
थाना बारादरी पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि श्यामतगंज पुल पर पुलिस पर गोली चलाने वाला बदमाश हारुन नगला पुल के पास बाइक के साथ मौजूद है। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, आरोपी भागने लगा और फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में घायल होने के बाद उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में पता चला कि ताजिम बारादरी के काजी टोला इलाके का निवासी है। इससे पहले भी वह गोकशी और गैंगस्टर एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने पुष्टि की कि यही आरोपी श्यामगंज पुल पर पुलिस पर गोली चलाने में शामिल था।







