नई दिल्ली- दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर में कांग्रेस नेता और प्रॉपर्टी डीलर लखपत सिंह कटारिया की हत्या का मामला पुलिस ने तेजी से सुलझा लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि हत्या का कारण पुराने आपसी विवाद से जुड़ा हुआ है।
घटना शुक्रवार की सुबह विजय मंडल पार्क में हुई, जब लखपत सिंह वहां टहल रहे थे। तभी दो बदमाशों ने उन पर हमला किया। आरोपियों ने पहले उन्हें क्रिकेट बैट से पीटा और फिर पेट, कंधे और सिर पर गोलियां मारीं। हमले के दौरान एक सुरक्षाकर्मी ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी पिस्तौल तान दी, जिससे वह डर कर भाग गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल लखपत सिंह को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दक्षिण जिला पुलिस उपयुक्त अंकित चौहान मामले की पूरी जानकारी दोपहर को साझा करेंगे।







