कानपुर/बांदा- बांदा जिले में मटौंध थाना पुलिस और एसओजी टीम ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
एसपी पलास बंसल के अनुसार, मटौंध थाना क्षेत्र के खड्डी तिराहे पर सोमवार देर रात चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान तीन संदिग्ध बाइक सवार वहां से गुजरे। पुलिस द्वारा रोकने पर तीनों ने भागने की कोशिश की, लेकिन बाइक फिसलने से वे सड़क पर गिर पड़े।
पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने पुलिस पर तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में कबरई निवासी चंद्रभान के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथी – महोबा के रहने वाले शिवपूजन और बृजेश को मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई बाइक, अवैध तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि इन बदमाशों ने 21 सितंबर को मटौंध थाना क्षेत्र के चमरहा गांव निवासी प्रमोद के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया था।







