नोएडा- लोनी के न्यू विकास नगर कॉलोनी में रविवार रात एक मामूली टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे परिजनों ने तत्काल दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतबीर और सचिन, जो कि बाग राणप, लोनी के निवासी हैं, गुमशुदा अमित की तलाश में बाइक से कॉलोनी में पहुंचे थे। इसी दौरान, एक संकरी गली में उनकी बाइक वहां से गुजर रहे स्थानीय युवक रोहित से टकरा गई।
टक्कर के बाद कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही गाली-गलौज और मारपीट में तब्दील हो गई। आरोप है कि रोहित ने फोन कर अपने साथियों — सोनू, रोशन और अन्य अज्ञात लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर सतबीर और सचिन के साथ बुरी तरह मारपीट की।
घटना के दौरान सचिन किसी तरह से खुद को बचाते हुए मौके से भाग निकला और परिजनों को सूचना दी। हमलावरों ने सतबीर के साथ बर्बरता की, जिससे उसके दो दांत टूट गए और सिर, हाथ व मुंह में गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों ने कई टांके लगाए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीन नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की तलाश की जा रही है।







