पैर में गोली लगने से आरोपी घायल, चार साथी अब भी फरार
लखनऊ। दुबग्गा क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गोकशी के आरोप में वांछित वासिम नाम का आरोपी घायल होकर गिरफ्तार हो गया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। उसके पास से तमंचा, खोखा और कारतूस बरामद हुए। वहीं उसके चार अन्य साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
पश्चिमी डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि दुबग्गा, पारा पुलिस और क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि गोकशी की घटना को अंजाम देने जा रहे आरोपी कार से गुजरने वाले हैं। इस पर पुलिस ने किसान पथ स्थित अंडरपास के पास चेकिंग शुरू की। तभी संदिग्ध कार दिखाई दी। रोकने पर कार सवार वासिम ने फायरिंग की, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और आरोपी को गोली लग गई।
12 सितंबर को सामने आया था गोकशी का मामला
डीसीपी ने बताया कि 12 सितंबर को सराय प्रेम राज गांव में गोकशी की घटना हुई थी। ग्रामीणों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की थी, लेकिन वे भाग निकले। इस मामले में दुबग्गा पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और क्राइम ब्रांच के साथ मिलकर वासिम समेत पांच आरोपियों की पहचान की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि वासिम पर पहले भी कई थानों में गोकशी के मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।







