बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पसियापुर स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा दीप सिंह नवाबगंज में सोमवार को दो पक्षों के बीच कब्जे को लेकर विवाद गहराने पर भारी हंगामा खड़ा हो गया। नोकझोंक के बाद मामला मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। लाठी-डंडों और गोलियों की तड़तड़ाहट से माहौल तनावपूर्ण हो गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, ट्रस्टी सतनाम कौर गुट के लोग गुरुद्वारे में पहुंचे और वहां सेवा कर रहे बाबा गुरमीत सिंह गुट को बाहर निकालने की कोशिश करने लगे। इसका विरोध होते ही दोनों पक्ष भिड़ गए और देखते ही देखते हिंसा भड़क गई। आरोप है कि इस दौरान कई राउंड फायरिंग की गई और लाठी-डंडे चले।
झड़प में निर्मल सिंह, मंगा सिंह, बाबा राम सिंह और गुरमेल सिंह घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीएम अरुण कुमार, सीओ रविंद्र प्रताप सिंह और कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बाबा गुरमीत सिंह गुट को गुरुद्वारे के बाहर रोक दिया, जिस पर समर्थकों ने विरोध जताते हुए प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाया और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए जिलेभर के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुला लिया गया है। वहीं, डीएम और एसपी घटनास्थल से कुछ दूरी पर डेरा डाले हालात पर नजर बनाए हुए हैं। पूरे इलाके में तनाव व्याप्त है।







