बलिया। जिले के सुखपुरा थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में बुधवार शाम एक घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक महिला ने अपने पति पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुराने पारिवारिक विवाद का था मामला
शिवपुर गांव निवासी 28 वर्षीय अनूप साहनी मेहनत-मजदूरी का कार्य करता है। वर्ष 2020 में उसकी शादी बांसडीह रोड, श्रीपुर निवासी एक युवती से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच रिश्तों में तनाव आने लगा। परिवार और रिश्तेदारों की मध्यस्थता के बाद भी विवाद नहीं सुलझा।
दहेज उत्पीड़न का मामला पहले से विचाराधीन
जानकारी के अनुसार, विवाह के एक साल बाद पत्नी ने अनूप के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था, जो वर्तमान में न्यायालय में लंबित है। तब से पत्नी अपने मायके में ही रह रही थी।
अचानक पहुंची ससुराल, फिर हुआ विवाद
बुधवार की शाम महिला तीन-चार अन्य लोगों के साथ अचानक ससुराल पहुंची। इस दौरान पति-पत्नी के बीच फिर से कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते मामला बढ़ गया। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता, महिला ने पास में मौजूद धारदार हथियार से पति पर हमला कर दिया।
परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल, आरोपी हिरासत में
लहूलुहान अनूप मौके पर गिर पड़ा, जबकि महिला के साथ आए लोग वहां से फरार हो गए। घायल को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई और उसे भर्ती कर लिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी सुशील दुबे ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। घटना की जांच की जा रही है और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।







