ग्रेटर नोएडा (बिसरख): ऐमनाबाद गांव में रविवार रात एक मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। खेत में बैठे कुछ युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
पीड़ित नगेश ने बिसरख थाने में दी गई शिकायत में बताया कि 24 अगस्त की रात करीब 8 बजे, वह अपने दोस्तों यश और तनिष के साथ खेत में बैठा था। इसी दौरान गांव के ही अनुज, अंकुश, अविनाश और लोकेश वहां पहुंचे और बिना किसी कारण गाली-गलौज करने लगे।
जब पीड़ित पक्ष ने इसका विरोध किया, तो आरोप है कि चारों युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और नगेश की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।







