साहिबाबाद फल-सब्जी मंडी में हंगामा, पुलिस ने संभाले हालात
दिल्ली-एनसीआर। साहिबाबाद की नवीन फल-सब्जी मंडी में सोमवार सुबह मंडी सचिव की बैठक के दौरान दो पक्षों में कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला फायरिंग तक पहुंच गया। करीब 11 बजे हुई इस घटना में अज्ञात हमलावर ने भीड़ के बीच तीन राउंड गोलियां चला दीं, जिससे पल्लेदार सचिन और चाय का खोखा चलाने वाले दो युवकों के पैर में गोली लग गई।
गोलियों की आवाज से मंडी में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में करते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया।
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मंडी के चबूतरे पर दुकान लगाने को लेकर दोनों पक्षों में पुराना विवाद चल रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।







