उत्तर प्रदेश। मथुरा जिले के टैंटीगांव कस्बे में पति-पत्नी के बीच चल रहा आपसी विवाद गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया। घरेलू कलह से परेशान एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी को गोली मार दी, फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
सुरीर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रहने वाले 48 वर्षीय सौदान सिंह और उनकी पत्नी राजकुमारी के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सौदान सिंह ने गुस्से में आकर घर में ही तमंचे से पत्नी के पेट में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर उनका बेटा मौसम तुरंत कमरे में पहुंचा, जहां उसने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में पाया।
बेटा उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहा था कि इसी बीच सौदान सिंह ने खुद को भी कनपटी पर गोली मार ली। परिजन दोनों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सौदान सिंह को मृत घोषित कर दिया। राजकुमारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज मथुरा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।







