गाजियाबाद। लोनी कोतवाली क्षेत्र के सिखरानी गांव गेट के पास एक खाली प्लॉट में एक युवक का शव पुलिस को मिला। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त गौतमबुद्ध नगर निवासी अनिल राठौर (35) के रूप में की है। मृतक के चेहरे पर कई चोट के निशान हैं। पुलिस को अंदेशा है कि रंजिश में झगड़े के बाद युवक की हत्या की गई। अनिल की मां ने प्रेमिका के पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। गौतमबुद्ध नगर में अनिल राठौर (35) रहते थे। वह मोहन नगर स्थित पानी सप्लाई की एक फैक्टरी में काम करते थे। पुलिस के अनुसार अनिल की 2013 में शादी हुई थी। एक साल बाद अनिल पत्नी से अलग हो गए थे।
इसके बाद उनका गौतमबुद्ध नगर निवासी चार बच्चों की मां से संबंध हो गया था। कुछ समय पूर्व अनिल महिला और बच्चों को लेकर गाजियाबाद में किराये पर रहने लगा था। महिला का पति कुछ दिनों पूर्व महिला और बच्चों को अपने साथ ले गया था। अनिल की मां ने बताया कि मंगलवार शाम उन्होंने अनिल को कॉल की तो उसने खुद को परी चौक पर होना बताया। अनिल ने कुछ देर में घर पहुंचने की बात कही। इसके बाद अनिल देर रात तक घर नहीं पहुंचा। बुधवार सुबह उनका शव लोनी की बंथला चौकी क्षेत्र स्थित सिखरानी गेट के करीब 100 मीटर अंदर एक खाली प्लॉट में पड़ा मिला।







