कानपुर। बादशाहीनाका में महिला के आइब्रो बनवाने पर दुबई में रह रहे पति ने मोबाइल पर वीडियो कॉल करके उसे तीन तलाक दे दिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित पति समेत पांच पर मुकदमा दर्ज किया है। कुली बाजार निवासी गुलब्सा ने बताया कि पिछले साल जनवरी माह में उसका निकाह प्रयागराज के फूलपुर कोहना निवासी मो. सालिम से हुआ था। आरोप है कि ससुरालीजन उसे प्रताड़ित करते थे।
ससुरालीजन उसके पति को भड़काते रहे। इसी माह चार अक्टूबर को पति ने वीडियो कॉलिंग के जरिए उसे तीन तलाक दे दिया। महिला ने जब इसका कारण पूछा तो पति ने बताया कि उसने उसकी मर्जी के बगैर अपनी आइब्रो बनवा ली है। बादशाहीनाका थाना प्रभारी सुभाष चन्द्र ने बताया कि गुलब्सा की तहरीर पर पति मो.सालिम, सास मुजफ्फरी, ननद रुखवार व देवर सैफ समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।







