फास्टैग रिचार्ज को लेकर शुरु हुए विवाद ने लिया भयावह स्वरुप
अमरोहा। जोया टोल प्लाजा पर रविवार को एक बार फिर टोलकर्मियों की आक्रामकता सामने आई। फास्टैग रिचार्ज को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें मुरादाबाद के चार युवकों के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि टोलकर्मियों ने जानलेवा हमला किया, जिसमें कार मालिक का कंधा टूट गया। घटना के बाद पुलिस ने 10 से 15 अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया
वीडियो बनाने पर भड़के टोलकर्मी
मुरादाबाद के गलशहीद थाना क्षेत्र स्थित मोहल्ला काला प्यादा निवासी अब्दुल समद अपने भाई मोहम्मद जैद और दोस्तों जकी व मुजम्मिल के साथ दिल्ली से घर लौट रहे थे। जब उनकी कार जोया टोल प्लाजा पर पहुंची, तो फास्टैग में रिचार्ज न होने के कारण वाहन पास नहीं हो सका। इसके बाद समद ने कार को पीछे ले जाकर फास्टैग रिचार्ज किया और कुछ देर बाद दोबारा टोल पर पहुंचे, लेकिन तकनीकी कारणों से फास्टैग फिर भी स्कैन नहीं हुआ। समद ने नकद भुगतान कर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन टोलकर्मी ने इस पर आपत्ति जताई और विवाद बढ़ गया। इसी दौरान उनके भाई जैद ने टोलकर्मी की बदसलूकी का वीडियो बनाना शुरू किया, जिससे अन्य टोलकर्मी भड़क उठे।
टोलकर्मियों ने मिलकर की मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 10 से 15 टोलकर्मियों ने एकत्र होकर चारों युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। हमले में अब्दुल समद का कंधा टूट गया, जबकि अन्य तीनों को भी गंभीर चोटें आईं। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि टोलकर्मियों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया।
सीसीटीवी की फुटेज जा रही खंगाली
सीओ सिटी शक्ति सिंह के अनुसार, घटना को गंभीरता से लेते हुए हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो सबूतों के आधार पर टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि जोया टोल प्लाजा पर इससे पहले भी विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे वहां की व्यवस्थाओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।







