लखीमपुर खीरी। मोहम्मदी क्षेत्र में एक माह की मासूम बच्ची की मौत ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। बच्ची के लापता होने के बाद जब परिजन उसे खोजते रहे, तब जाकर चौंकाने वाला सच सामने आया कि बच्ची की मां ने ही उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
लखीमपुर खीरी जनपद के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के खेतहारा गांव में एक महिला ने कथित तौर पर अपनी एक महीने की बेटी को तालाब में डुबोकर मार डाला। बच्ची के लापता होने के बाद जब परिवार ने खोजबीन शुरू की, तो महिला ने खुद इस घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को गांव निवासी धूपसिंह राठौर की पत्नी कुसुम अपनी नवजात बेटी मानवी को लेकर अचानक घर से चली गई थी। जब देर तक दोनों घर नहीं लौटे तो धूपसिंह ने अपने परिजनों और गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर तलाश शुरू की। तलाश के दौरान गांव के बाहर सड़क किनारे मां कुसुम मिल गई। पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसने बच्ची को गांव के बाहर स्थित एक तालाब में फेंक दिया है। जब परिजन वहां पहुंचे तो उन्होंने तालाब से बच्ची का शव बरामद किया।
घटना की सूचना मिलने पर मोहम्मदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







