मोदीपुरम (मेरठ)। रोशनीकुंज स्थित शिव मंदिर में गुरुवार सुबह पूजा स्थल पर हड्डी, चावल और रोली मिलने से कॉलोनीवासियों में रोष फैल गया। घटना को लेकर तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियों की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में जमकर हंगामा किया।
मंदिर के पुजारी शंकर ने बताया कि जब वे सुबह पूजा अर्चना के लिए पहुंचे तो मंदिर में रखी धार्मिक पुस्तकों में छोटी हड्डी, चावल और रोली रखी हुई मिली। इससे अंदेशा है कि किसी ने मंदिर परिसर में तांत्रिक गतिविधि को अंजाम देने का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को जल्द पकड़ने की मांग को लेकर विरोध जताया। मौके पर पहुंचे सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने लोगों को शांत करते हुए भरोसा दिलाया कि जिसने यह कृत्य किया है, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके और जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जा सके।







