ऑटो और सड़कों पर अकेली महिलाओं को बनाया जा रहा निशाना, पुलिस ने एक मामले में 24 घंटे में पकड़े दो आरोपी
गोरखपुर। गोरखपुर में एक बार फिर चेन स्नेचिंग और लूट की घटनाओं ने सिर उठाया है। बुधवार को गुलरिहा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ टप्पेबाजी की वारदात हुई। वह अकेले ऑटो से मायके जा रही थीं, इसी दौरान गले की चेन चोरी हो गई।
पीड़िता अनीता, जो बेलीपार के मारवाड़ी कुआं निवासी हैं, मुजुरी स्थित अपने मायके जा रही थीं। धर्मशाला से ऑटो में बैठने के बाद रास्ते में तीन महिलाओं और एक किशोरी ने भी सवारी की। मलंग स्थान के पास उतरने के बाद अनीता ने महसूस किया कि उनकी चेन गायब है।
ऑटो चालक के सहयोग से उन्होंने लौटकर महिलाओं की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में उन्होंने अपने भाई को बुलाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इसी दिन शाहपुर क्षेत्र में पादरी बाजार के पास कोचिंग टीचर सृष्टि श्रीवास्तव से बाइक सवार दो युवकों ने मोबाइल छीन लिया। वहीं हुमायूंपुर निवासी सावित्री शर्मा से दो दिन पहले उनके बेटे के साथ घर लौटते समय पर्स लूट लिया गया।
कैंट पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए शास्त्री चौक पर हुई लूट में शामिल दो बदमाशों को बुधवार को कचहरी रोड से पकड़ लिया। दोनों के पास से लूटे गए गहने बरामद किए गए हैं।
एसपी सिटी ने महिलाओं से अपील की है कि अकेले यात्रा करते वक्त सतर्क रहें। पब्लिक ट्रांसपोर्ट में भारी गहने न पहनें, अजनबियों से अधिक बातचीत से बचें और अपने कीमती सामानों का विशेष ध्यान रखें। पुलिस ऐसे अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है।







