राजस्थान के रहने वाले दोनों युवक निवेशकों को झांसा देकर डिमैट खाते खुलवाते थे, पुलिस ने 10 दिन के रिमांड पर लिया
फरीदाबाद। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने एक बड़ी धोखाधड़ी का भंडाफोड़ करते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया है, जो लोगों को शेयर बाजार में लाभ दिलाने का झांसा देकर भारी रकम ठगने में शामिल थे। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान शुभम शर्मा (27) और भागचंद उपाध्याय (33) के रूप में हुई है, दोनों राजस्थान के निवासी हैं। पूछताछ के लिए उन्हें 10 दिन की रिमांड पर लिया गया है।
साइबर पुलिस को यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर करनी पड़ी, जिसमें सेक्टर 86 के एक निवासी ने आरोप लगाया कि उन्हें 1 जुलाई 2024 को एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जहाँ निवेश से जुड़े टिप्स दिए जाते थे। ग्रुप के सदस्यों ने पहले अमेरिकी बाजार और प्री-मार्केट ट्रेडिंग में निवेश के लिए खाता खोलने को कहा। शिकायतकर्ता ने पहले 10 हजार रुपये निवेश किए, जिसमें से 1000 रुपये वापस मिलने पर उन्हें भरोसा हो गया और उन्होंने 93.51 लाख रुपये का कुल निवेश कर डाला।
कुछ समय बाद ग्रुप से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली और न ही संपर्क हो पाया, तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। जांच के दौरान सामने आया कि शुभम और भागचंद, ठग गिरोह के लिए बैंक और डिमैट खाते उपलब्ध करवाते थे ताकि ठगी को अंजाम दिया जा सके। पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क की तह तक पहुंचने की कोशिश में है।







