हत्या के बाद शव जलाकर यमुना में बहाया, पुलिस ने दो को पकड़ा, दो अब भी फरार
बागपत- लुहारी गांव में एक 21 वर्षीय युवती शिवानी की हत्या के मामले में उसके पिता, मां, भाई और चचेरी बहन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शिवानी का पड़ोसी युवक अंकित प्रजापति से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहती थी। परिजनों को यह रिश्ता स्वीकार नहीं था, जिस कारण घर में लगातार तनाव बना हुआ था।
पुलिस पूछताछ में शिवानी के पिता संजीव उर्फ संजू ने बताया कि उन्होंने बेटी को कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह कोर्ट मैरिज की जिद पर अड़ी रही। मंगलवार रात को इसी बात को लेकर परिवार में फिर से विवाद हुआ, जिसके बाद आरोप है कि परिजनों ने मिलकर गला दबाकर शिवानी की हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को यमुना किनारे ले जाकर जलाने और अस्थियां बहा देने की बात सामने आई है। घटना की जानकारी बुधवार सुबह अंकित ने पुलिस को दी, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संजीव, मां बबीता को गिरफ्तार कर लिया, जबकि भाई रवि और चचेरी बहन फरार बताए जा रहे हैं।
एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि अंकित प्रजापति की तहरीर पर हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।







