नोएडा। दादरी क्षेत्र के कोट डरीन गांव में युवक ने दादी की बहन को गोली मारकर घायल कर दिया। आरोपी को वृद्धा पर जादू टोना कराने का शक था। करीब एक साल पहले आरोपी की मां की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक कोट डरीन गांव की रहने वाली राजकुमारी की बहन हरियाणा निवासी 53 वर्षीय बति कोट डरीन गांव आई थी। बति अक्सर गांव में आती रहती थी।
राजकुमारी के पोते ने अवैध तमंचा से बति को गोली मार कर घायल कर दिया। वृद्धा को ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालात सामान्य बताई जा रही है। आरोपी युवक को शक था कि दादी की बहन बति जादू टोना करती है। इसके कारण एक साल पहले उसकी मां की मौत हो गई थी। दादरी थाना प्रभारी सुजीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि घायल वृद्धा की हालात सामान्य है। शिकायत मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।







