ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट की ईकोविलेज-1 सोसाइटी में ऑनलाइन ग्राॅसरी स्टोर के डिलिवरी बॉय ने युवती से दुष्कर्म की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता से मारपीट कर फरार हो गया। वारदात में पीड़िता घायल हो गई। युवती बहन के मंगेतर के घर आई हुई थी। शुक्रवार तड़के उसने कुत्तों को खिलाने के लिए अंडे और दूध ऑर्डर किए थे। पुलिस ने आरोपी अच्छेजा गांव निवासी सुमित शर्मा पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डिलिवरी बॉय सुमित शर्मा दूध और अंडे लेकर सोसाइटी पहुंचा। आरोप है कि ऑर्डर देने के दौरान आरोपी सुमित फ्लैट में घुस आया। उसने पीड़िता से दुष्कर्म की कोशिश की। पीड़िता के विराेध करने पर आरोपी ने मारपीट की। पीड़िता के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटने शुरू हो गए। इस बीच आरोपी चकमा देकर फरार हो गया। बिसरख कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी सुमित के गांव में युवती का एक पूर्व परिचित भी रहता है। युवती ने दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया है। आरोपी ने पीड़िता से मारपीट की। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







