नई दिल्ली। शाहदरा के साइबर थाना पुलिस ने सेना अधिकारी बनकर लोगों से साइबर ठगी करने वाले मेवात के दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोपी 500 से ज्यादा लोगों से 60-70 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर चुके हैं। डीसीपी शाहदरा रोहित मीणा के मुताबिक, पीड़ित आकाश पांचाल ने बुधवार को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके साथ महिपालपुर में सेना कैंप परिसर में पानी के टैंकर की आपूर्ति के नाम पर 3.26 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। उनके साथ किसी ने सेना का अधिकारी बनकर टैंकर का सौदा कर लिया और जब उन्होंने सेना कैंप में टैंकर भेजा, तब सैन्यकर्मियों ने ऐसे किसी भी काम का ठेका दिए जाने से इंकार कर दिया।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने आरोपियों के नंबरों की जांच की। इसके आधार पर हरियाणा के मेवात में नूंह इलाके से दो सगे भाइयों इलियास और युसूफ को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से चार मोबाइल भी बरामद हुए हैं। मोबाइल की जांच से पता चला कि आरोपियों ने कई लोगों के साथ सेना अधिकारी बनकर और सेक्सटार्शन के जरिए 60-70 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। दोनों भाई छत्तीसगढ़ में निर्माण कार्य के लिए जेसीबी मशीन किराये पर चलवाते हैं। पुलिस को शुरुआती जांच में 70 मामलों में इन आरोपियों की सीधे संलिप्तता मिली है, जबकि 500 मामलों में इनका जुड़ाव सामने आया है।







