कुशीनगर। करीब दो वर्ष पहले हाइवे पर जोकवा बाजार चौकी मधुरिया फ्लाई ओवर के पास पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी की हत्या की घटना में वांछित फरार चल रहा 25 हजार रूपए का इनामी अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना का जिक्र करते हुए एसपी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि 15 जून 2022 को नेशनल हाइवे 28 जोकवा बाजार चौकी मधुरिया थाना तुर्कपट्टी जनपद कुशीनगर फ्लाई ओवर पश्चिम के पास पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकप वाहन जो गोपालगंज की तरफ से कसया की ओर तेजी से आती हुई दिखाई दी कि संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस टीम द्वारा रोकने का प्रयास किया गया तो अज्ञात पिकप का चालक गाडी धीमी कर पुन: जान बूझकर जान से मारने की नियत से पुलिस टीम के ऊपर वाहन चढ़ाने की कोशिश किया जिस पर हे.का. धर्मवीर यादव द्वारा वाहन को रोकने का प्रयास किया गया।
उक्त वाहन के चालक ने जान बुझकर जान से मारने की नियत से हे.का. धर्मवीर यादव को टक्कर मारकर भाग गया था जिससे उनकी मृत्यु हो गई थी। प्रकरण में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। जिसमें प्रकाश में आए कुल 06 अभियुक्तों में से 05 अभियुक्तों को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। एक अन्य वांछित अभियुक्त दिनेश प्रसाद गौंड पुत्र गोरख प्रसाद निवासी ग्राम सलेमगढ़ सियरहा थाना तरया सुजान जनपद कुशीनगर फरार था। जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लागातार दबिश दी जा रही थी। उन्होंने बताया कि अभियुक्तों द्वारा गोवंशीय पशुओं को वध हेतु उत्तर प्रदेश से बिहार के रास्ते बंगाल ले जाया जाता है। यह लोग जब गोवंशीय पशुओं को वाहन में लादकर निकलते है तो पहले से ही प्लान कर लेते है कि यदि रास्ते में कोई भी पुलिस वाला गाड़ी रोकने की कोशिश करेगा तो उसके ऊपर गाडी चढ़ाकर मार डालना है और मौके से भाग लेना है। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक कुशीनगर द्वारा गिरफ्तारी करने वाली पूरी पुलिस टीम को 10 हजार का पुरस्कार दिया गया है।







