मसूरी (गाजियाबाद)- नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान वेव सिटी थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मेरठ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 57 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, 18 फरवरी को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर जीटी रोड लालकुआं के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके बैगों में कपड़ों के नीचे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में एक पिता-पुत्र और उनका एक सहयोगी शामिल है। पूछताछ में सामने आया कि वे पूर्वोत्तर क्षेत्र से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर लाते थे और उसे गाजियाबाद व दिल्ली-एनसीआर में ऊंची कीमत पर सप्लाई करते थे। इस अवैध कारोबार से वे मोटा मुनाफा कमा रहे थे।
तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के अवैध व्यापार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







