नोएडा/चंडीगढ़- मलोया थाना क्षेत्र में सोमवार रात चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है, जिसमें अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़ी कार का शीशा तोड़कर 85 हजार रुपये नकद और सोने के गहने चुरा लिए। यही नहीं, विरोध करने पर आरोपियों ने कार मालिक को जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना सेक्टर-38 वेस्ट निवासी विशाल के साथ हुई। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब 10 बजे उन्होंने अपनी कार घर के बाहर खड़ी की थी। लगभग एक घंटे बाद, यानी करीब 11:05 बजे, उन्हें कार का शीशा टूटने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो कुछ युवक कार के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे।
विशाल के अनुसार, उन्होंने मौके पर मौजूद दो आरोपियों—सोनू उर्फ कल्लू और रमन—को पहचान लिया, जो कुछ अन्य युवकों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दे रहे थे। विशाल ने बताया कि इन लोगों ने उन्हें डराने की कोशिश की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
पुलिस कार्रवाई शुरू
मलोया थाना पुलिस ने विशाल की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिन आरोपियों की पहचान हुई है, उन्हें जल्द हिरासत में लिया जाएगा।







