देहरादून। किच्छा क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के बेटे सौरभ राज बेहड़ पर अज्ञात हमलावरों ने हमला कर दिया। हमले में सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे आईसीयू में निगरानी में रखा गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधायक तिलक राज बेहड़ से फोन पर बातचीत की और पूरे मामले की गंभीरता से जांच के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने भी तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक सौरभ राज बेहड़ रविवार शाम को आवास विकास क्षेत्र से पुलिस चौकी की ओर जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश हमलावरों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल सौरभ को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। अस्पताल में कांग्रेस नेताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और समर्थकों की भीड़ जुट गई। विधायक तिलक राज बेहड़ ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे को समझौते के बहाने पुलिस चौकी बुलाया गया और इसके बाद उस पर सुनियोजित हमला किया गया। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।







