गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में कार पार्किंग को लेकर हुए विवादों ने हिंसक रूप ले लिया। अलग-अलग स्थानों पर हुई दो घटनाओं में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे मामले में एक महिला से भी मारपीट की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना बुद्ध चौक के पास की है, जहां स्कूटी सवार और कार सवार के बीच कहासुनी हो गई। साहिबाबाद की सरस्वती कॉलोनी निवासी अनिल अपने बेटे अनमोल के साथ कार से वसुंधरा जा रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटी सवार ने कार हटाने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। कार किनारे करने के बावजूद विवाद बढ़ता गया। विरोध करने पर आरोपी ने सड़क से ईंट उठाकर अनिल के सिर पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।
दूसरी घटना कनावनी क्षेत्र की गली नंबर तीन में हुई। यहां ड्यूटी से लौट रहे फूल मिश्रा कार खड़ी कर रहे थे, तभी मोहल्ले के तीन लोग वहां पहुंचे और पार्किंग को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। बात बढ़ने पर आरोपियों ने फूल मिश्रा के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी के साथ भी हाथापाई की गई।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







