विकासनगर। कोतवाली पुलिस ने देसी तमंचे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक के खिलाफ आर्म्स ऐक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी लोगों को डराने के लिए तमंचा रखता था। कोतवाल राजेश शाह ने बताया कि पुलिस रात को कुंजा गांव जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान आसन बैराज की तरफ से एक युवक मोटरसाइकिल से आ रहा था। उसे रोक कर पूछताछ की गई तो उसकी पहचान रजत चौधरी पुत्र स्व. संजय चौधरी निवासी बाबूगढ़ चुंगी नंबर एक, वार्ड नंबर सात विकासनगर के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उससे एक देसी तमंचा बरामद हुआ। तमंचे का लाइसेंस दिखाने को कहा गया तो वह दिखा नहीं पाया। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे के लिए पैसे की जरूरत पूरी करने और शौकिया तौर पर लोगों को डराने धमकाने के लिए तमंचा अपने पास रखता है। आरोपी के पास जो मोटरसाइकिल थी। उसके भी वह कागजात नहीं दिखा पाया। इसके बाद आरोपी को आर्म्स ऐक्ट में गिरफ्तार कर वाहन को एमवी ऐक्ट में सीज कर दिया गया है।







