नोएडा- थाना क्षेत्र के मानी खुर्द गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव उसके कमरे में बिस्तर पर मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। युवक मंगलवार की रात एक स्थानीय दावत में शामिल होने के बाद घर लौटा था और फिर सोने चला गया था।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नीरज प्रजापति (35 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह रात को गांव में आयोजित एक समारोह में गया था, जहाँ भोजन करने के बाद वह अपने घर लौट आया और ऊपर के कमरे में सोने चला गया। नीचे के कमरे में उसकी मां मटुरा देवी, पत्नी संगीता, और चार वर्षीय बेटी आराध्या सो रही थीं।
सुबह जब नीरज देर तक नहीं उठा तो संगीता उसे जगाने के लिए कमरे में गईं, जहाँ उन्होंने उसे निर्जीव हालत में बिस्तर पर पड़ा पाया। चीख-पुकार सुनकर परिजन और आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला स्वाभाविक मृत्यु का प्रतीत होता है, संभवतः हृदयगति रुकने के कारण मौत हुई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण की पुष्टि हो सकेगी।
मृतक के दो भाई किंसराज और धीरज मुंबई में कार्यरत हैं, जबकि बड़ा भाई हिंसराज विदेश में रहता है। घटना की जानकारी मिलते ही तीनों भाई गांव के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है और मामले पर नजर बनाए हुए है।







