कपूरथला। एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने की खबर है। उक्त मामले में मृतक के पिता ने पड़ोसी युवक पर नशा देकर हत्या करने का आरोप लगाया। सिटी थाना पुलिस ने सूचना मिलने के बाद मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पिता के बयान के आधार पर आरोपी व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा-304 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस बात की पुष्टि सिटी थाना एसएचओ अमनदीप नाहर ने की है। मृतक की पहचान संजय कुमार (24) निवासी मोहल्ला रायका के रुप में हुई है।
एसएचओ अमनदीप नाहर ने कहा कि सिविल अस्पताल में युवक की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। मृतक के शव जांच की तो शरीर पर किसी प्रकार का कोई निशान नहीं मिला है लेकिन नाक से झाग निकल रहा था। पिता के बयान पर आरोपी सनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।







