सोनीपत। गांव कुंडली में किराए पर रह रहे युवक ने अपने साथ लाए युवक की पत्थर से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से भाग निकला। पड़ोस की महिला ने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। शव की पहचान नहीं हो सकी है। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला हाथरस की ईदगाह कॉलोनी शादाबाद निवासी पूजा ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह कुंडली में कृष्ण के मकान में किराए पर रहती हैं। उनके पति योगेश रजनीगंधा कंपनी में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पड़ोस में किराए के कमरे में मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला बागपत के खेकड़ा निवासी आकाश चौधरी भी अपनी पत्नी मोना के साथ रहते हैं।
उन्होंने बताया कि वीरवार शाम को उन्हें आकाश चौधरी के कमरा नंबर 19 से उन्हे लड़ाई झगड़े का शोर सुनाई दी। जिस पर वह उनके कमरे में गई तो देखा कि आकाश एक युवक को पत्थर से पीट रहा था। उसने व उसकी पत्नी मोना ने उसे बचाने का प्रयास किया तो आकाश चौधरी उनके साथ भी झगड़ा करने लगा। हमले में युवक घायल हो गए। उसके बाद आकाश चौधरी वहां से भाग गया। युवक ने दम तोड़ दिया।
जिसके बाद उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। सूचना के बाद पहुंची कुंडली थाना पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया। शव की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने मामले में पूजा के बयान पर आकाश चौधरी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों शाम को नशे की हालत में कमरे पर आए थे। यहां आने के बाद उनमें कहासुनी हो गई। जिसके बाद आकाश चौधरी ने पत्थर उठाकर युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसके सिर व चेहरे पर पत्थर से वार किए गए। जिसमें उसकी मौत हो गई।







