कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर से कुछ दूरी पर बाइक सवार दो युवक फेंक गए लाश से भरी बोरी
लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में उस समय हड़कंप मच गया जब आरती चौक के पास सड़क पर पड़ी एक बोरी से महिला का शव बरामद हुआ। यह इलाका कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के आवास से कुछ ही दूरी पर स्थित है। चश्मदीदों के अनुसार, दो युवक दिनदहाड़े बाइक पर बोरी लाए और उसे बीच सड़क पर फेंककर फरार हो गए। जब आसपास के लोगों को बोरी से बदबू आई, तो उन्होंने शक के चलते वीडियो बनानी शुरू की, जिस पर आरोपी भाग निकले।
प्रत्यक्षदर्शी अमरजीत सिंह और जीवन ने बताया कि दो युवक नीली बाइक पर आए थे, जिनमें से एक ने सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी पहन रखी थी। उन्होंने आरती चौक के पास डिवाइडर पर एक बोरी फेंकी। जब एक रेहड़ी वाले ने उनसे पूछताछ की, तो उन्होंने कहा कि वे सड़े-गले आम फेंकने आए हैं। लोगों को शक हुआ तो जीवन ने वीडियो बनानी शुरू कर दी, जिससे घबराकर दोनों युवक भाग निकले।
जीवन ने बताया कि जब उसने बोरी को पकड़ा और वीडियो रिकॉर्ड करने लगा, तो उनमें से एक युवक धमकियां देने लगा और हाथापाई पर उतारू हो गया। इसके बाद दोनों युवक बोरी वहीं छोड़कर फरार हो गए। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची थाना डिवीजन-8 की पुलिस ने जब बोरी खोली तो उसमें एक युवती का शव मिला। सब इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि बाइक को जब्त कर लिया गया है और नंबर प्लेट के जरिए मालिक की पहचान की जा रही है। घटनास्थल पर मिले वीडियो फुटेज को भी कब्जे में लिया गया है। शुरुआती जांच में दोनों आरोपी और मृतक युवती प्रवासी नजर आ रहे हैं। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया है।







