बांका। बौसी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में एक महिला की गला रेतकर निर्मम हत्या कर देने का मामला सामने आया है। मृतक महिला की पहचान सिकंदरपुर गांव के दिवंगत नंदलाल मंडल की पत्नी नीलम देवी (40) के रूप में की गई। ग्रामीणों ने बताया कि नीलम देवी गांव में अकेले रहती थी। उसके पति का कोरोना काल में निधन हो गया था। जबकि एक बेटा बाहर रहकर पढ़ाई करता है। घटना की सूचना मिलते ही बौंसी एसडीपीओ अर्चना कुमारी पुलिस दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन में जुट गईं।
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्ट्या चोरी में महिला की हत्या की बात सामने आ रही है, क्योंकि घर में सामान बिखरा पड़ा हुआ है। महिला के नाक और कान के जेवर को खींचकर निकाला गया है, जिससे कि कान और नाक में गहरा जख्म भी है। जैसा कि ग्रामीणों ने बताया अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस मामले में बौंसी थाना अध्यक्ष ने बताया कि हत्या की जांच हो रही है। भागलपुर से एफएसएल और डॉग स्क्वॉड टीम को सूचना दे दी गई है। जांच के बाद जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी।







