नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने हत्या के मामले में भगोड़ा घोषित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहम्मद सोहेल (24) ने अपने दोस्त व उसके चाचाओं के साथ मिलकर संदीप उर्फ पाजी को पीट-पीटकर अधमरा कर नाले में फेंक दिया था। संदीप ने नाले में तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया था। संदीप के एक ट्रांसजेंडर महिला से संबंध थे। आरोपियों के कहने पर संदीप ने ट्रांसजेंडर महिला से रिश्ते खत्म नहीं किए तो उसकी हत्या कर दी। आरोपी मोहम्मद सोहेल एक वर्ष से फरार था और अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
अपराध शाखा के विशेष पुलिस आयुक्त रविंद्र सिंह यादव के अनुसार, आरोपी मोहम्मद सोहेल ने सह-आरोपी रोहित व उसके चाचा श्रीकृष्ण, राजकुमार, राकेश उर्फ राजू और दोस्त सचिन, गंगाराम उर्फ काला, दीपक व अविनाश के साथ मिलकर सेक्टर-25, रोहिणी, दिल्ली निवासी संदीप उर्फ पाजी की वर्ष 2022 में हत्या कर दी थी। हत्या का मामला शाहबाद डेयरी थाने में दर्ज किया गया था। शाहबाद डेयरी निवासी संदीप उर्फ पाजी, अजय मोदी, प्रकाश, दीपक उर्फ दीपू, चेतन उर्फ चिंटू मृतक सचिन राठी के करीबी थे। ये सभी आरोपी रोहित के अंकल और उसके अन्य साथियों से बदला लेना चाहते थे। उन्होंने रोहित को धमकी दी थी कि वे उसके अंकल या उसके भाई में से किसी एक को मार देंगे। आरोपी रोहित और उसके सभी चाचाओं ने मृतक संदीप उर्फ पाजी के एक ट्रांसजेंडर महिला के साथ संबंधों के खिलाफ आपत्ति जताई थी।
संदीप उर्फ पाजी ने उनकी बात नहीं मानी। इस पर ये सभी संदीप उर्फ पाजी से नाराज हो गए। रोहित और अन्य लोगों ने उसे सबक सिखाने का फैसला किया। वर्ष 2022 में आरोपी मो. सोहेल ने अपने दोस्त रोहित और अन्य साथियों के साथ मिलकर संदीप पर लाठी और रॉड से हमला किया। जब संदीप बेहोश हो गया, तो उसकी मृत्यु सुनिश्चित करने के लिए उसको एक नाले में फेंक दिया। इस मामले में आरोपी मोहम्मद सोहेल के अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। सौहेल अपनी गिरफ्तारी से बच रहा था। शाखा में तैनात एसआई रविंदर को सूचना मिली कि थाना शाहबाद डेयरी के हत्या मामले में वांछित आरोपी सोहेल, अमरोहा, उत्तर प्रदेश के इलाके में छिपा हुआ है। एसीपी यशपाल सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर पवन सिंह, एसआई अनुज व एसआई रविंद्र सिंह की टीम ने अमरोहा में घेराबंदी कर आरोपी मोहम्मद सोहेल को गिरफ्तार कर लिया गया।







