हरियाणा। अल्फा सिटी में बुधवार तड़के सनसनी फैल गई जब बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक म्यूजिक कंपनी के कार्यालय पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। फायरिंग से तीन मंजिला इमारत और मुख्य द्वार के शीशे टूट गए, जबकि दीवारों पर करीब दस जगह गोलियों के निशान मिले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोलियों के खोल बरामद कर साक्ष्य जुटाए। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
सदर थाना प्रभारी तरसेम ने बताया कि अल्फा सिटी के मकान नंबर 1244 में स्थित सागा म्यूजिक कंपनी के मालिक सुमित सिंह का कार्यालय है। सुबह गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में न तो कोई धमकी संदेश मिला है और न ही फिरौती की बात सामने आई है, लेकिन फायरिंग की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावनाओं पर जांच की जा रही है।







