जालंधर। पंजाब के जालंधर में कुछ शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों को लेकर धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। ईमेल में शहर के कुछ स्कूलों, एक ट्रेन और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
बताया जा रहा है कि शहर के एपीजे स्कूल और दिल्ली पब्लिक स्कूल समेत एक अन्य निजी स्कूल को यह धमकी भरा ईमेल भेजा गया। ईमेल में इन संस्थानों के साथ-साथ दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन और विधानसभा को नुकसान पहुंचाने की बात कही गई थी। ईमेल मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने स्कूल परिसरों के आसपास निगरानी बढ़ा दी।
धमकी भरे संदेश में यह भी कहा गया कि जिले में लगी भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को हटाया जाए और इसके लिए 14 अप्रैल तक का समय दिया गया है। ऐसा न करने पर प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई है।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बढ़ा दी है। स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस की साइबर टीम ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह संदेश कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हो सकते हैं। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।







