बीकानेर। मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र के सेक्टर 4/11 में बंद मकान से बुजुर्ग दंपति के खून से सने शव बरामद हुए हैं। मृतकों की पहचान गोपाल वर्मा (75) और उनकी पत्नी निर्मला वर्मा (72) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का लग रहा है। घटना से क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है, जबकि कुम्हार समाज के लोगों ने घटना के विरोध में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
तीन दिनों से नहीं दिखे थे दंपति
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दो-तीन दिनों से दंपति दिखाई नहीं दिए थे और किसी से संपर्क भी नहीं हो रहा था। अनहोनी की आशंका पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा खोला तो अंदर दोनों के शव खून से लथपथ हालत में मिले। पुलिस ने घर को सील कर फॉरेंसिक टीम को बुला लिया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। अभी तक हत्या के पीछे के कारणों या आरोपियों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
दोनों बेटे रहते थे घर से बाहर
मृतक दंपति के दोनों बेटे परिवार के साथ बाहर रहते हैं—एक नोएडा में जबकि दूसरा विदेश में। वारदात को लेकर उनके रिश्तेदार और समाज के लोग गहरे सदमे में हैं। हत्या की सूचना मिलते ही कुम्हार समाज के सैकड़ों लोग पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी के बाहर इकट्ठा हो गए और शव उठाने से इनकार कर दिया। समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। घटना से इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि वरिष्ठ अधिकारी खुद जांच की निगरानी करें और दोषियों को जल्द पकड़कर सख्त से सख्त सजा दिलाई जाए।







