रांची। रांची में अपने ब्वॉयफ्रेंड से मिलकर निकली एक नाबालिग लडक़ी से गैंगरेप की वारदात हुई है। आठ युवकों ने मिलकर उसे किडनैप कर लिया और इसके बाद एक मकान में ले जाकर उसका गैंगरेप किया। अत्यधिक रक्तस्राव से लडक़ी बेहोश हो गई तो उसे सडक़ के किनारे फेंक कर आरोपी फरार हो गए। बाद में होश में आने पर लडक़ी किसी तरह अपने दोस्त के घर पहुंची और इसके बाद यह मामला सामने आया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पीडि़ता खूंटी जिले की रहने वाली है।
उसने पुलिस को बताया है कि वह शाम तुपुदाना स्थित हुलहुंडू में अपने दोस्त से मिलने आई थी। उससे किसी बात पर अनबन होने के बाद वह अकेले सडक़ पर निकल आई। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसका अपहरण कर लिया और रांची के नामकुम इलाके में एक घर में ले गए। यहां आठ युवकों ने उसका सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया।
रातभर हैवानियत करने के बाद जब नाबालिग की स्थिति बिगड़ती देखी तो उसे बाइक से लाकर दसमाइल चौक में सडक़ पर फेंक कर फरार हो गए। बाद में दोस्त उसे लेकर तुपुदाना ओपी पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पीडि़ता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छानबीन के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर शराब की बोतलें मिली हैं। हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।







