गाड़ी पलटने के बाद हमलावरों ने सड़क पर लेटाकर पीटा, हत्या और हत्या के प्रयास में केस दर्ज
हरियाणा- हरियाणा के एनएच-334बी पर शनिवार शाम वाल्मीकि नगर के समीप दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में गंभीर रूप से घायल हुए कबीर नगर निवासी साहिल की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए एक पक्ष पर हत्या और दूसरे पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
घटना के दौरान दोनों गुटों के बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। टकराव में दोनों पक्षों की एक-एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटी हुई गाड़ी में सवार युवक साहिल पर सड़क पर ही लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला किया गया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि जब हमला हो रहा था, तब घटनास्थल पर पुलिस भी मौजूद थी। बावजूद इसके, हमलावरों ने साहिल को बुरी तरह पीटा। पुलिस ने बीच में दखल देते हुए दो हमलावरों को मौके पर ही पकड़ लिया।
गंभीर रूप से घायल साहिल को पहले दादरी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। रविवार सुबह जब परिजन उसे रोहतक से हिसार ले जा रहे थे, रास्ते में उसकी मौत हो गई।
इसके बाद शव को वापस दादरी लाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। मामले की जांच कर रहे सिटी थाना प्रभारी सन्नी कुमार और डीएसपी हेडक्वार्टर धीरज कुमार ने मृतक के परिजनों को भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।







