बिहार। मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के सादातपुर गांव में डेयरी वैन चालक की लाश संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के एक कमरे से मिली है। मृतक अपने परिवार, पत्नी और दो बच्चों के साथ उसी घर में रहता था। परिजनों का कहना हैं कि महिला का किसी और के साथ अवैध संबंध था, जिसके चलते हत्या कर दी गई।
सड़ी-गली हालत में मिली लाश
स्थानीय लोगों ने बताया कि घर से तेज दुर्गंध आने पर उन्हें कुछ गलत होने की आशंका हुई । सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जब घर का बंद कमरा खोला गया, तो युवक का शव सड़ी-गली हालत में मिला। शुरुआती जांच में मौत दो दिन पहले हुई बताई जा रही है।
पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप
परिजनों ने युवक की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि महिला के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध थे,जिसका पति विरोध करता रहता था। इन्हीं विवादों के चलते पत्नी ने उसकी हत्या कर दी और बच्चों को लेकर फरार हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। मौके पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
पोस्टमार्टम के बाद आएगी असल वजह सामने
डीएसपी वेस्ट सुचित्रा कुमारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव संदिग्ध स्थिति में मिला है और परिजनों ने हत्या का शक जाहिर किया है। फिलहाल सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।







