हरियाणा- हरियाणा के भिवानी जिले के सिंघानी गांव में एक निजी स्कूल की 19 वर्षीय शिक्षिका की निर्मम हत्या ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। दो दिन से लापता चल रही युवती का शव बुधवार सुबह नहर के पास मिला। गले पर धारदार हथियार के गहरे घाव पाए गए हैं, जिससे हत्या की पुष्टि हुई है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस जघन्य अपराध पर तुरंत सख्त कार्रवाई करते हुए भिवानी के एसपी मनबीर सिंह का तबादला कर 2014 बैच के आईपीएस अधिकारी सुमित कुमार को नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है।
इसके साथ ही लोहारू थाने के एसएचओ अशोक, एएसआई शकुंतला, ईएसआई अनूप, कांस्टेबल पवन और एसपीओ धर्मेंद्र को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा और जनता को सुरक्षित वातावरण देना सरकार की प्राथमिकता है।
परिजनों का विरोध, ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम
घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बुधवार दोपहर सिंघानी गांव के पास दिल्ली-पिलानी हाईवे 709-E पर जाम लगा दिया। जाम के कारण हाईवे पर ट्रैफिक ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल और डीएसपी दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजनों ने जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, शव लेने से इनकार कर दिया। डीएसपी द्वारा विशेष जांच दल (SIT) के गठन और चार अलग-अलग टीमें बनाकर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद शाम 4 बजे जाम हटाया गया।
हत्या से पहले दो दिन से थी लापता
मृतका पिछले कुछ महीनों से सिंघानी स्थित एक प्ले स्कूल में शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी। 11 अगस्त को स्कूल से छुट्टी के बाद वह घर नहीं पहुंची। परिजनों द्वारा पूछताछ करने पर स्कूल में लगे सीसीटीवी में उसे सिवानी रोड की ओर जाते देखा गया। 12 अगस्त को गुमशुदगी की रिपोर्ट लोहारू थाने में दर्ज कराई गई थी।
एफएसएल टीम मौके पर, मधुमक्खियों ने काटा ग्रामीणों को
बुधवार सुबह जब पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर जांच करने पहुंचीं, तो बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां मौजूद थे। इस दौरान पास के पेड़ पर मौजूद मधुमक्खियों के छत्ते से मक्खियां उड़कर भड़क गईं और उन्होंने सरपंच संजीत कुमार समेत कई लोगों को डंक मार दिए। सभी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीएम सैनी की चेतावनी: कानून तोड़ने वालों पर चलेगा बुलडोजर
मुख्यमंत्री सैनी ने घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और यदि जरूरत पड़ी तो उनके घरों पर बुलडोजर भी चलाया जाएगा। आने वाले समय में और कड़े फैसले लिए जाएंगे।”







